पाइप लाइन दुरुस्त करने में जुटी टीम।
- फोटो : अमर उजाला
पाइप लाइन चोक होने से कस्बे में दो दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। पानी के लिए हैंडपंपों और कुंओं पर भीड़ जुट रही है। पाइप लाइन ठीक कराने को महकमे ने टीम लगा दी है।
एसबीआई से लेकर कन्या प्राथमिक विद्यालय तक पाइप लाइन चोक होने से सोनीगंज, किशोरगंज, घुसयाना, राजा वार्ड, बाजार वार्ड, हटवारा, बस स्टैंड, कटवरिया आदि एक दर्जन से ज्यादा मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप है। इससे पानी को लेकर हायतौबा मची है। लोग बूंद- बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। सुबह से शाम तक हैंडपंपों में पानी भरने वालों की भीड़ रहती है।
राजकुमार, भालेे सोनी, शिवकुमार, सुरेंद्र कुमार, रमेश, संतोष कुमार, हरिशंकर आदि ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि नगर में दो दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है, जिससे लोग बूंद बूंद पानी को तरस रहे है। नागरिकों ने कहा कि जब तक पाइप लाइन दुरुस्त नहीं होती, तब तक टेंकरों से पानी की आपूर्ति की जाए। जल संस्थान के जेई एसपी चौहान का कहना है कि पाइप लाइन चोक होने के कारण पानी की समस्या बढ़ी है। लाइन ठीक कराने के लिए विभाग की टीम लगा दी गई है। जल्द ही पानी की आपूर्ति की जाएगी।