महोबा। भीषण गर्मी के दौरान अब जिले के बांधों का जलस्तर तेजी से घट रहा है। दिन प्रतिदिन बांधों का पानी सिमटता जा रहा है। सबसे ज्यादा मझगवां बांध की स्थिति खराब है। मझगवां बांध का जल मृतस्तर पर पहुंच गया है। हालात यह हैं कि मझगवां बांध में उपयोग के लायक पानी बचा ही नहीं हैं। इसकी रिपोर्ट सिंचाई विभाग की ओर से शासन को भेज दी गई है।
जिले में उर्मिल, अर्जुन, मझगवां, कबरई और चंद्रावल बांध हैं। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध से नहर के माध्यम से चरखारी के अस्थौन गांव के पास स्थित अर्जुन बांध में पानी पहुंचता है। अर्जुन सहायक नहर को कबरई बांध से जोड़ दिया गया है। अर्जुन बांध में बारिश के दौरान जब पानी की अधिकता होती है तब नहर के माध्यम से कबरई बांध में पानी पहुंचाया जाता है। अर्जुन और कबरई बांध की स्थिति अन्य बांधों से बेहतर है जबकि उर्मिल, चंद्रावल और मझगवां बांध में पानी का दायरा सिमट रहा है। उर्मिल बांध का जल मृतस्तर से 2.42 घनमीटर ज्यादा है जबकि मझगवां बांध का पानी मृतस्तर पर पहुंच गया है। ऐसे में यदि समय से वर्षा न हुई तो बांध की स्थित खराब होगी। उर्मिल बांध से जिला मुख्यालय को पेयजल आपूर्ति मुहैैया कराई जाती है हालांकि अभी उर्मिल बांध में पानी मौजूद है।