पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी पुलिस ने हाईवे से तंबाकू मिश्रित गुटखा से भरी पिकअप पकड़ी। पुलिस ने पिकअप से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर धोखाधड़ी व खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पिकअप से दो लाख रुपये कीमत का तंबाकू मिश्रित गुटखा बरामद किया गया। थानाध्यक्ष शशिकुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर एकता ढाबा तिराहे पर एक पिकअप को रोका। जांच करने पर 14 झाले (4,284 पैकेट) तंबाकू मिश्रित गुटखा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से जाहर सिंह निवासी पाठकपुरा व उपेंद्र सिंह तोमर निवासी ठकुरासपुरा पनवाड़ी को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद गुटखे की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी जा रही है।