थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुरा में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर रफूचक्कर हो गए। सुबह जागने पर गृहस्वामी ने देखा तो जेवर और नगदी गायब देख उसके होश उड़ गए। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर थाना कबरई में दी है।
ग्राम अलीपुरा मकरबई रोड निवासी अमर पुत्र रामगोपाल साहू शुक्रवार की रात अपने परिवार के साथ घर पर सो रहा था। देर रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने गृहस्वामी और उसके परिजनों को निश्चेतक सुंघा दिया। जिससे परिजन बेहोश हो गए। जिसके बाद चोरों ने कमरे के ताले तोड़ लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवरात और 11,500 रुपये नगद चुरा कर फरार हो गए। सुबह देर में जगे गृहस्वामी ने देखा तो सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे व जेवरात व नगदी गायब थे। गृहस्वामी ने थाना कबरई में तहरीर दी है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेना भी मुनासिब नहीं समझा। गृहस्वामी ने तहरीर देकर जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश किए जाने की मांग की है।