महोबा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त होगा। ऐसे में समाप्त होने वाली रिक्तियों को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचन कार्यक्रम तय कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभास कुमार ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नाम निर्देशन के लिए अंतिम तिथि छह अक्तूबर है। सात अक्तूबर को नाम निर्देशन की संवीक्षा होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्तूबर निर्धारित की गई है जबकि 23 अक्तूबर को सुबह छह से शाम चार बजे तक मतदान होगा और 27 अक्तूबर को मतगणना होगी। ऐसे में विधान परिषद निर्वाचन को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। (संवाद)
ईवीएम-वीवीपैट की जांच प्रक्रिया का लिया जायजा
महोबा। डीएम प्रभास कुमार ने बुधवार को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी व अन्य व्यवस्थाओं को देखा। साथ ही ईवीएम, वीवीपैट मशीनों की चल रही प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी निर्वाचन को लेकर ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की कार्यशीलता, तकनीकी स्थिति की जांच और प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित निर्देशों व प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एफएलसी के दौरान मशीनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से देखा। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रनंदन सिंह, एडीएम नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। (संवाद)