महोबा। शहर के मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय में चल रहे एनएसएस के विशेष शिविर में रविवार को स्वयंसेवी छात्राओं ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वोकल फॉर लोकल का आहवान करते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया गया।
शिविर के शुभारंभ पर छात्रा हर्षिता, काव्या द्विवेदी व रूबा ने एनएसएस का लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया। बौद्धिक सत्र में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि बालिका विद्यामंदिर इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अर्चना वर्मा ने कहा कि लघु उद्योग व स्वरोजगार सृजन छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण विषय है। इससे भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि विनोद पुरवार ने छात्राओं को स्वरोजगार के विभिन्न उपाय बताए। छात्रा पूनम ने कहा कि स्वरोजगार ही जीवन का आधार है, लघु उद्योग विकास का द्वार है। प्राचार्या डॉ. ज्योति सिंह ने छात्राओं को घरों में छोटे-छोटे लघु उद्योग स्थापित करने का सुझाव दिया। महाविद्यालय के निदेशक अभयवीर सिंह ने बागवानी के महत्व और उससे जुड़े स्वरोजगार पर चर्चा की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नितिन द्विवेदी ने स्वरोजगार सृजन के व्यावहारिक तरीके बताए। इस मौके पर अर्पिता तिवारी, दिव्या तिवारी, आस्था निगम, प्रो. जगभान सिंह, मालती सिंह, किरन, धर्मेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, संजय परमार, अजय बादल आदि मौजूद रहे।