महोबा। मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणोंं ने आवाज बुलंद की। मामना रोड स्थित बुंदेलखंड सिटी निवासी संतोष कुमार ने एसपी प्रबल प्रताप सिंह को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वह मूल रूप से थाना श्रीनगर के उदयपुरा का रहने वाला है। 16 अगस्त को उसका 17 वर्षीय बेटा अवधेश सुबह दस बजे ननौरा गांव के प्रहलाद के साथ उदयपुरा जाने की बात कहकर निकला था। रात में करीब नौ बजे ननौरा निवासी एक व्यक्ति ने फोन करके बताया कि अवधेश ने उसकी दुकान में कुर्सी तोड़ दी है और झगड़ा कर रहा है। इसकी सूचना पर संतोष ननौरा गांव पहुंचा तो वहां पर एक क्लीनिक में अवधेश बेहोशी की हालत में मिला। जानकारी हुई कि दुकानदार ने अपने परिजनों के साथ अवधेश की मारपीट की। इससे उसकी हालत बिगड़ी और झांसी में इलाज दौरान मौत हो गई। पिता का आरोप है कि पुलिस दबंगों के प्रभाव में होने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। पीड़ित ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।