महोबा। जिले में संक्रामक बीमारियों का कहर जारी है। रविवार को बुखार और उल्टी-दस्त से पीड़ित ग्रामीण की मौत हो गई। 24 घंटे में 15 लोगों की हालत गंभीर होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया।
रविवार को अवकाश होने के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी बंद रही। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जुटी। जिनमें सर्वाधिक संख्या मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की रही। इस दौरान ड्यूटी में तैनात डॉ. दीपक व डाॅ. नवीन चौहान ने मरीजों का उपचार किया। 24 घंटे में बुखार, पेटदर्द, उल्टी आदि से पीड़ित मिथलेश, भानवती, अम्मू, काजल, साक्षी, ठाकुरदास, रेखा, फिजा, मधु, हेमा, राजेश, जावेद, रोहिनी, प्रह्लाद और पीयूष की हालत नाजुक होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया।
थाना श्रीनगर के पवा गांव निवासी उदयभान (68) दो दिन से बुखार व उल्टी-दस्त से पीड़ित था। शनिवार की रात अचानक हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार की सुबह उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे दीपक ने बताया कि बुखार और उल्टी-दस्त से पिता की मौत हुई है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि दिन में निकल रही तेज धूप व सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंडक से लोग बीमार हो रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
-बार-बार हाथ धोएं व आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
-उबला हुआ या फिल्टर पानी पिएं।
-बाहर खुले मेंं रखे खाद्य पदार्थ और कटे फल खाने से बचें।
-शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले सुपाच्य पदार्थ खाएं।