महोबा। शहर के मोहल्ला नैकानापुरा में दस दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होने से नाराज महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय पहुंच जमकर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि गर्मी के मौसम में वह बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है लेकिन शिकायत के बाद भी अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नैैकानापुरा निवासी देवकी, रामदीन, जीतेंद्र, हेमू, पवन, नसरीन समेत एक दर्जन से अधिक लोगों ने पेयजल आपूर्ति ठप होने पर आक्रोश जताया। दूर-दराज से पानी लाकर किसी तरह प्यास बुझा रहीं महिलाओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाएं जल संस्थान कार्यालय पहुंच गईं और नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। बताया कि टोटियों में दस दिन से पानी की एक बूंद नहीं टपकी। जिससे वह परेशान है। चेतावनी दी कि यदि तीन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन को मजबूर होंगे। अफसरों ने जल्द टूटी पाइपलाइन दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराए जाने का भरोसा दिया है। (संवाद)