संवाद न्यूज एजेंसी
भरुआ सुमेरपुर। ग्राम पंचायत अमिरता में पतियों के बाद पत्नियों को आवास योजना का लाभ देने के आरोप में जांच के बाद जिला विकास अधिकारी ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया है।
वित्तीय वर्ष 2021-22 मे अमिरता गांव निवासी आशाराम, रामकैलाश, हरिया, पंकज, रामखेलावन, रामकेश, मनफूल, गयादीन, भूरा को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2022-23 में उनकी पत्नियों राजेश्वरी, सुशीला, बउवा, रमाकांती, कंची, शिवकली, शिवपति, पसुनिया एवं मंजू को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ थमा दिया गया। इस दौरान पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी पद पर विनोद कुमार वर्मा की तैनाती थी। इस समय यह मौदहा विकासखंड में तैनात हैं।
अमर उजाला में 25 नवंबर के अंक में खबर प्रमुखता के साथ प्रकाशित हुई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे। जांच के बाद जिला विकास अधिकारी अजीत कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से ब्लॉक में कार्यरत पंचायत सचिवों में हड़कंप मच गया है।