लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देते सीडीओ
- फोटो : MAHOBA
महोबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों को आनलाइन किस्त देते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी का सपना है कि पक्का आवास मिल जाए। आपका यह सपना पूरा हुआ है। आप लोगों को घर मिला तो कैसा लगा। क्या कभी सोचा था कि आपका भी पक्का घर होगा। सरकार ने यह सपना पूरा किया है। हमें आशीर्वाद दीजिए। प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले 3432 लाभार्थियों को 13.728 करोड़ रुपये की धनराशि का आनलाइन हस्तांतरण किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए जिले के 20 लाभार्थियों को कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी बुलाया गया था। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह समेत कई अफसर भी मौजूद रहे। सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रत्येक लाभार्थी को 40-40 हजार रुपये की पहली किस्त दी गई है। प्रधानमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद एनआईसी पहुंचे लाभार्थियों को सीडीओ ने प्रमाण पत्र भी वितरित किए।