चरखारी (महोबा)। गुढ़ा-गौरहारी मार्ग में सोमवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। पुलिस व एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने से दोनों घायल एक घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिसकी वजह से दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना पनवाड़ी के गुगौरा गांव निवासी राजेंद्र कुमार राजपूत (27) बाइक से सोमवार की शाम राठ से चरखारी जा रहे थे। तभी गुढ़ा-गौरहारी मार्ग में पड़ोरी डंप के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। दोनों के सिर पर गंभीर चोट लगी। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने कोतवाली पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। करीब एक घंटे तक दोनों घायल सड़क पर तड़पते रहे। जिसके चलते दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी चरखारी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूूसरे मृतक की शिनाख्त चुरबरा गांव निवासी बृजभूषण (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दी है। उधर, कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेजा गया था। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है।
--
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में कस्बा श्रीनगर के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। जनपद कानपुर के थाना मंगलपुर के बद्दपुरवा निवासी पवन (30) बाइक से कस्बा श्रीनगर जा रहा था। तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। (संवाद)