कबरई (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर काली पहाड़ी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारकर कुचल दिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने वाला चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी जान चली गई।
थाना क्षेत्र के झिरसहेबा गांव निवासी अतुल कुशवाहा (35) वर्तमान में पत्नी और बच्चों के साथ महोबा में किराये का मकान लेकर रहता था। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार की देर रात वह कबरई में ट्रक खड़ाकर बाइक से महोबा आ रहा था। तभी हाईवे पर कालीपहाड़ी के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और कुचलता हुआ निकल गया। इससे अतुल की मौत हो गई। घटना से मृतक की पत्नी रमाकांति, बेटे प्रियांश व बेटी रिशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।