महोबा। एकीकृत बागवानी मिशन के तहत जनपद में 15 हेक्टेयर कृषि भूमि पर मचान विधि से सब्जियों की खेती की जाएगी। बागवानी करने वाले किसानों को उद्यान विभाग की ओर से अनुदान मुहैया कराया जाएगा। साथ ही किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए उद्यान विशेषज्ञ समय-समय पर आवश्यक जानकारी देंगे। इसको लेकर विभाग की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किसानों को लाभांवित किया जाएगा। हालांकि, माइक्रोइरीगेशन के तहत डि्रप व स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली का लाभ लेने वाले किसानों को प्राथमिकता के साथ चयनित किया जाएगा। मचान विधि से सब्जी की खेती करने पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। मचान विधि से सब्जी का बेहतर उत्पादन होगा। साथ ही कम जगह में भी फसल लहलहाएगी। इससे किसानों को परंपरागत खेती के साथ ही बागबानी करने में भी आसानी होगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और जनपद में सब्जी उत्पादन का दायरा बढ़ेगा।