महोबा। मनरेगा के स्थान पर केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई वीबी जीराम जी योजना के बारे में जानकारी देने के लिए भाजपा ने कृषक-श्रमिक चौपाल का आयोजन किया। जिले के छिकहरा व सूपा गांवों में चौपाल लगाकर राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने ग्रामीणों से संवाद किया और केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के बारे में जानकारी दी।
विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जीराम जी) को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को अभियान के तहत विधानसभा महोबा के छिकहरा गांव में आयोजित चौपाल में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, किसान व श्रमिक को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। वीबी जीराम जी योजना से ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलेगी। एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ें। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि यह नई योजना मनरेगा की पारंपरिक व्यवस्था से आगे बढ़कर आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित रोजगार व्यवस्था है। इससे श्रमिकों को समय पर भुगतान, अधिक रोजगार के अवसर व सामाजिक सुरक्षा प्राप्त होगी। विधानसभा चरखारी के सूपा गांव में आयोजित चौपाल में जनप्रतिनिधियों ने किसानों और श्रमिकों को वीबी जीराम जी योजना की खूबियां बताईं। इस मौके पर जिला संयोजक योगेश मिश्रा, जिला महामंत्री अमित शर्मा, ग्राम प्रधान कौशल अहिरवार आदि मौजूद रहे।