महोबा/कुलपहाड़। झांसी-मिर्जापुर हाईवे में पचपहरा गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई। पुलिस चालक व वाहन की तलाश कर रही है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हुए हैं।
कोतवाली कुलपहाड़ के लाड़पुर गांव निवासी शंकर प्रसाद का पुत्र मनोज कुमार (35) अपने साथी विवेक (30) के साथ गुरुवार की शाम बाइक से महोबा आ रहा था। रास्ते में हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मनोज कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि विवेक का इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कबरई संवाद के अनुसार मध्यप्रदेश के देवनगर निवासी बलराम अहिरवार अपने पुत्र सुरेंद्र कुमार के साथ पहरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शुक्रवार को सुरेंद्र अपनी बुआ व मासूम बच्चे के साथ बाइक से खरीदारी करने कबरई आ रहा था तभी ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सुरेंद्र घायल हो गया जबकि महिला व मासूम बाल बाल बच गए। पनवाड़ी संवाद के अनुसार पनवाड़ी-राठ मार्ग में दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत में राठ निवासी सत्यम घायल हो गया जबकि दूसरी बाइक में सवार मोनू निवासी कदौरा को गंभीर चोटें आईं। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से डाक्टरों ने मोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।