महोबा के फतेहपुर बजरिया स्थित सिंचाई कॉलोनी के बाहर खेल रहे मासूम को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर की कार से दुर्घटना होने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। दो घंटे तक चले हंगामे के बाद सीओ व कोतवाल ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया।
मृतक के पिता की तहरीर पर जूनियर इंजीनियर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मारने से मासूम की मौत होने का मामला दर्ज किया है। सिंचाई कॉलोनी निवासी खेमराज अहिरवार सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात है। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे खेमराज का डेढ़ वर्षीय पुत्र आदित्य घर के दरवाजे पर खेल रहा था।
तभी चार पहिया कार ने मासूम को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। कार चालक परिजनों को सूचना दिए बगैर ही मासूम को लेकर अस्पताल पहुंच गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने जूनियर इंजीनियर पुष्पेंद्र कुमार की कार से दुर्घटना होने का आरोप लगाया।