खरीद न करने से नाराज किसानों ने लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
महोबा। मंडी समिति के व्यापारियों द्वारा उड़द-मूंग और मूंगफली साफ न होने से खरीद किए जाने से मना कर दिया। इससे दूर-दराज के ग्रामीणांचलों से आए किसान भड़क गए और व्यापारियों के मनमानी किए जाने व खरीद के नाम पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए चरखारी-महोबा मार्ग जाम कर दिया। डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहने से तमाम वाहन जाम में फंस गए। बाद में अधिकारियों ने किसानों को समझाकर और खरीद कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके खरीद शुरू कराई।
रविवार को सुबह 10 बजे कैमाहा, श्रीनगर, भंडरा, बरा, ननौरा, तिंदौली, सिजहरी, सलारपुरा सहित आधा सैकड़ा से ज्यादा गांव के किसान उड़द, मूंग, तिल व मूंगफली लेकर नवीन गल्ला मंडी महोबा पहुंचे। मंडी के व्यापारियों ने उड़द-मूंग में छन्ना लगाने और मूंगफली साफ करने की बात कही। ऐसा न करने पर व्यापारियों ने सस्ते दामों में उड़द-मूंग और मूंगफली की मांग की। जिस पर किसानों ने बेचने से मना कर दिया और व्यापारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मंडी के सामने जाम लगा दिया। जिससे महोबा से चरखारी, खरेला, मुस्करा आने-जाने वाले तमाम वाहन जाम में फंस गए।
सुबह 10.30 बजे से 12 बजे तक जाम लगा रहने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी, मंडी सचिव रामसेवक ने व्यापारियों से उचित मूल्य पर खरीद किए जाने की बात कही और खरीद शुरू कराई। इसके बाद किसानों ने जाम खोला। जाम खुलने पर वाहनों में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली। जाम खुलते ही वाहन अपने-अपने गंतव्य मार्गों के लिए रवाना हुए।