सब्जियां बेचकर घर लौट रही महिला को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से नाराज लोगों ने जाम लगाकर करीब आधा घंटे तक नारेबाजी की। बाद में पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को शांत कराया। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला हटवारा निवासी गुलाबरानी (48) पत्नी हरनारायण सब्जियां बेचकर रविवार की देरशाम करीब 8:30 बजे पैदल घर जा रही थी। बस स्टैंड के समीप अनियंत्रित ट्रैक्टर चालक ने महिला को टक्कर मारकर कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ विनोद सिंह और कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव नहीं उठाने दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। मृतका के पुत्र छक्कीलाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।