तेज रफ्तार ट्रक दुकान में घुसा।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर -सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खन्ना बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक दुकान और मकान में घुस गया। हादसेे में छह साल की बच्ची एवं उसकी ताई की मौत हो गई। जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
कस्बा खन्ना निवासी हरि भजन गुप्ता और अनूप का मकान बस स्टैंड के पास है। वह मकान में ही मिठाई और किराना की दुकान खोले हैं। शुक्रवार दोपहर कानपुर की ओर से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर मकान और दुकान में घुस गया। हादसे में दुकान पर मौजूद हरि भजन की बेटी तनवी (6) की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि ट्रक की चपेट में आकर हरिभजन की पत्नी अंजना (25), हरिभजन के भाई रामभजन की पत्नी मीरा (50), अनूप (37) व वीरेंद्र (35) पुत्रगण जगदेव गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही बस स्टैंड पर दुकान से सामान खरीद रहे जितेंद्र (10) पुत्र अखिलेश नामदेव व बाबू बसोर भी घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा ले जाया गया।
जहां डाक्टरों ने अंजना, मीरा व अनूप की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में मीरा (50) ने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही खन्ना, कबरई व मौदहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। सीओ सदर धनंजय कुशवाहा ने घटनास्थल पहुंच जांच पड़ताल की। हादसे में दो मकान व दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।