श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सूरा चौकी के पास बंसल कपंनी की ओर से तोड़ी गई मुख्य पाइपलाइन को पांच दिन बाद भी सही नहीं कराया गया। इससे सिजहरी और बसौरा गांव में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पानी न आने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उर्मिल बांध पेयजल योजना से महोबा शहर, सिजहरी व बसौरा गांव को पेयजल आपूर्ति मुहैया कराई जाती है। इसके लिए बसौरा गांव के पास ओवरहेड टैंक बनाया गया है। जहां से दोनों गांव को पेयजल आपूर्ति दी जाती है। पांच दिन पहले बंसल कंपनी की ओर से ओवरब्रिज बनाने के दौरान पाइपलाइन तोड़ दी गई। इससे सिजहरी और बसौरा गांव में पेयजल आपूर्ति बंद हो गई। पानी की सप्लाई न आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान नरेश राजपूत का कहना है कि बंसल कंपनी के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया लेकिन पाइपलाइन को सही नहीं किया जा रहा है। उधर, उर्मिल पेयजल योजना के प्रबंधक शैलेंद्र सिंह का कहना है कि बंसल कंपनी की ओर से पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है। फोरलाइन बनने वाली बंसल कंपनी के मैनेजर योगेंद्र शर्मा का कहना है कि मैकेनिक को कबरई से बुलाया गया है। कल तक लाइन सही हो जाएगी।