हमीरपुर। सुमेरपुर विकासखंड के पत्योरा गांव में नमामि गंगे परियोजना के तहत संचालित जल जीवन मिशन योजना की बदहाली से प्रजापति और मुस्लिम बस्ती के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। पाइपलाइन जाम होने से करीब 200 घरों में पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है। छह सौ से अधिक की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। शिकायत और लिखित सूचना देने के बावजूद विभागीय जिम्मेदारों ने अब तक समस्या का समाधान नहीं किया है।
दोनों बस्तियों में पिछले 15 दिनों से नलों की टोंटियां सूखी पड़ी हैं। लोगों को हैंडपंपों और कुओं का सहारा लेना पड़ रहा है। पानी भरने के लिए हैंडपंपों पर सुबह से कतारें लग रही हैं। पहले पानी भरने की होड़ में आए दिन विवाद की स्थिति भी बन रही है।
बस्ती के इमरान खान, संदीप प्रजापति, जैनब खान, आयशा खान, साबिया, रीना प्रजापति, राबिया खान, विद्या प्रजापति, रजनी और फूलकली का आरोप है कि पाइपलाइन जाम होने की शिकायत कई बार संबंधित विभाग से की गई लेकिन जिम्मेदारों ने सुध लेना तक मुनासिब नहीं समझा।
त्योहार के समय पानी की जरूरत और बढ़ गई है। ऐसे में घरेलू कामकाज से लेकर पेयजल तक के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।