खरेला (महोबा)। विधानसभा महोबा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए खरेला नगर में 1.15 करोड़ रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। सदर विधायक राकेश गोस्वामी और विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने पूजन-अर्चन कर दोनों निर्माण कार्यों का भूमि पूजनकर आधारशिला रखी।
पहली सड़क प्रमोद रघुवंशी के मकान से शनिचरी बाजार तक व दूसरी सड़क बस स्टैंड पर थाने के बगल से मुख्य मार्ग होते हुए मंगली बाजार तक बनाई जाएगी। पं. सुरेंद्र तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। विधायक और एमएलसी ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। खरेला की ये दोनों सड़कें लंबे समय से प्रस्तावित थीं। इनके निर्माण से नगरवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और कीचड़ की समस्या से भी राहत मिलेगी। यहां भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख कबरई राजू सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश शुक्ला, शिवशंकर तिवारी आदि रहे।