महोबा। चरखारी-महोबा मार्ग में गोवर्धन महाविद्यालय के समीप बुधवार शाम दो बाइकों की आमने सामने हुई भीषण भिडंत में घायल शिक्षक समेत दो लोगों की मेडिकल कॉलेज झांसी में मौत हो गई। शिक्षक की मौत से शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को सभी परिषदीय विद्यालयों में शोक सभाएं कर उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई।
गौरतलब है कि थाना खन्ना के ग्राम बहिंगा निवासी बलवीर सिंह यादव (35) पुत्र वासुदेव पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुड़ार में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। बुधवार शाम वह बाइक से महोबा लौट रहा था, तभी गोवर्धन महाविद्यालय के समीप सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में बलवीर यादव व दूसरी बाइक में सवार बद्री कुशवाहा (30) पुत्र शिवदयाल निवासी ग्राम शिकंदरापुरा राठ जनपद हमीरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। बुधवार की रात शिक्षक बलवीर यादव की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई, बद्री ने भी दम तोड़ दिया। दोनों के शव जिला अस्पताल पहुंचने पर परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। शिक्षक की मौत की सूचना पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार को विद्यालयों में शोक सभाएं की गईं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।