महोबा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के महोबा डिपो से जल्द ही दो और एसी बसों को राजधानी लखनऊ के लिए चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर बस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। निगम के निर्देश पर जनपद कानपुर तक चलने वाली दो एसी बसों का रूट बढ़ाया गया है। दो-तीन दिन में शासन से आदेश मिलने की उम्मीद है।
महोबा डिपो के बेड़े में इस समय निगम की 122 व अनुबंधित 15 बसें शामिल हैं। इसमें से दो-दो एसी बसों को लखनऊ और कानपुर रूट पर संचालित किया जाता है। इसके अलावा अन्य बसों को हमीरपुर, कानपुर, जालौन, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, बलिया, बरेली, दिल्ली आदि रूटों पर चलाया जाता है। लंबे समय से कानपुर रूट पर चलने वाली एसी बसों को लखनऊ तक विस्तारित करने की मांग की जा रही थी।
डिपो प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कानपुर रूट पर संचालित होने वाली दो एसी बसों को लखनऊ तक बढ़ाए जाने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। उसे स्वीकृत कर लिया गया है। दो-तीन दिन में आदेश आते ही एसी बसों को लखनऊ तक चलाया जाएगा। महोबा से लखनऊ तक का एसी बस का किराया 442 रुपये है। यह बसें महोबा डिपो से सुबह 6.15 व शाम 5.30 बजे लखनऊ के लिए चलेंगी।