अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। एक महिला अपने भतीजे के साथ बाइक से भाई दूज पर तिलक करने भाई के घर जा रही थी। सूचना पर पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना लवकुश नगर के गांव बघमऊ निवासी सरिता (28) पत्नी अनिल मिश्रा अपने भतीजे अंकित के साथ बाइक से शहर के मोहल्ला सुभाषनगर भाई दूज पर भाई के घर जा रही थी। डाकबंगला चौराहे पर सामने से आए ट्रक से बाइक की भिडंत हो गई। हादसे में सरिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोशित भीड़ ट्रक में आग लगाने का प्रयास करने लगी। मौके पर पहुंचे सीओ सदर जितेंद्र दुबे ने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए ट्रक चालक व वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
उधर, कुनाटा व दादरी के थाना महोबकंठ के गांव भुजपुरा निवासी तारादेवी अपने भतीजे नरेंद्र के साथ बाइक से घर जा रही थी। कुनाटा दादरी मार्ग पर वाहन ने टक्कर मार दी। इससे तारादेवी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनाओं से मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई।
अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आई है।
कस्बा श्रीनगर निवासी रोहित (18) पुत्र सीताराम अपने साथी राजेंद्र (19) के साथ बाइक से सोमवार को किसी कार्य से मुख्यालय आया था। लौटते समय ट्रक को साइड देने के चक्कर में उसकी बाइक सड़क किनारे गिर गई। इससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव कालीपहाड़ी निवासी आकाश (03) पुत्र भूरा घर के दरवाजे पर खेल रहा था।
तभी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। गांव सुनैचा निवासी बृजेश (18) पुत्र निर्भय यादव और शिवम (16) पुत्र अवधेश घायल हो गया। शिवम (16) पुत्र अवधेश भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। मोहल्ला बजरिया निवासी शिवम (06) पुत्र भगवानदास सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से आए बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। मोहल्ला भटीपुरा निवासी मुरारी (27) और मोहल्ला छिपयाना निवासी जगदीश (20) भी सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।