कुलपहाड़/चरखारी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में जहां कोचिंग जाते समय कार की टक्कर से साइकिल सवार छात्र की मौत हो गई। वहीं ट्रक के पिछले पहिये की चपेट में आने से एक युवक की जान चली गई। पुलिस दुर्घटनाओं की जांच कर रही है।
कोतवाली कुलपहाड़ के लाड़पुर गांव निवासी जयपाल का इकलौता बेटा अंजुल (12) कक्षा सातवीं का छात्र था। शुक्रवार की शाम वह साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रहा था। तभी नहर के पास चार पहिया वाहन ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अंजुल के माता-पिता दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। जिन्हें घटना की सूचना दी गई है।
दूसरी घटना चरखारी-राठ मार्ग पर हुई। यहां सड़क के गड्ढामुक्त कार्य में लगे हमीरपुर के सरसई गांव निवासी अमर सिंह (27) काम करने के बाद ट्रक से नीचे लेट गया। इसी दौरान चालक ने ट्रक पीछे कर दिया। पहिये की चपेट में आने से अमर सिंह की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी है।