ग्राम कनकुआ में घटना के बाद मुआयना करती पुलिस
- फोटो : MAHOBA
कनकुआ (महोबा)। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि बिजली की चपेट में आने से दो महिलाएं बुरी तरह झुलस गई। जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम कनकुआ निवासी हनुमत (40) पुत्र वीर सिंह गांव के बाहर बकरियां चरा रहा था। तभी तेज बारिश होने लगी पानी से बचने के लिए हनुमत एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। वहीं खेत में काम कर रही कस्तूरी (45) पत्नी लल्ली अहिरवार भी पेेड़ के नीचे पहुंच गई। अचानक पेड़ पर बिजली गिरने से चरवाहे की मौके पर मौत हो गई और कस्तूरी बुरी तरह झुलस गई। वहीं दो बकरियों की मौत हो गई। पेड़ भी बिजली की चपेट में आकर जल गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रतिमा सिंह व लेखपाल नितेंद्र पटेल ने मौके पर पहुंच जांच की।
खन्ना प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के मवई खुर्द गांव के बाहर गांव की कुसुमरानी (42) पत्नी जगरूप खेत में फसल की रखवाली कर रही थी जबकि गांव की रामदुलारी (55) पत्नी बृजराज बकरियां चरा रही थी। अचानक शुरू हुई बारिश से बचने के लिए दोनों जामुन के पेड़ के नीचे पहुंच गई। उसी समय अचानक बिजली जामुन के पेड़ पर गिरी। जिससे कुसुमरानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि रामदुलारी बुरी तरह झुलस गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई मेें भर्ती कराया गया। कुसुमरानी का परिवार दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।