जिले में संक्रामक बीमारियों ने पांव पसार लिए हैं। बुखार और उल्टी-दस्त के मरीजों की भरमार है। बुधवार को अलग-अलग स्थानाें पर बुखार और उल्टी दस्त से नवजात शिशु समेत दो बच्चों की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सलारपुरा निवासी सुहानी (2) पुत्री अरविंद पिछले कुछ दिन से बुखार से पीड़ित थी। परिजनों द्वारा उसका उपचार प्राइवेट क्लीनिकों में कराया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां पर उपचार दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
इसी तरह थाना पनवाड़ी के ग्राम बिजरारी निवासी परवीन पत्नी नाजिम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में नवजात शिशु को जन्म दिया। जन्म देने के बाद शिशु की हालत बिगड़ गई। तब परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह का कहना है कि मरीजों की संख्या में करीब 300 नए मरीजों की बढ़ोत्तरी हुई है। मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बैडों का इंतजाम किया गया है। सबसे ज्यादा मरीज बुखार और उल्टी दस्त से पीड़ित आ रहे हैं। नवजात शिशु मृत अवस्था में ही जिला अस्पताल आया था। अस्पताल रिकॉर्ड में उसकी मौत का कारण बुखार दर्ज है।