संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार तिवारी ने मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने झांसी और कानपुर के लिए दो बसें चलाने का आश्वासन दिया। वर्कशॉप बनाने के लिए प्रस्ताव मांगा। सुलभ शौचालय के दरवाजे व खिड़कियां टूटी मिलने पर तत्काल बदलने के निर्देश दिए। नलों की टोटियों से पानी बहता देख नाराजगी जताई।
अध्यक्ष ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र यादव से कहा कि बसस्टैंड में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। जिन बसों की सीट फटी हैं, उन्हें जल्द बदला जाए। बसों को रवाना करने से पहले लाइट व ब्रेक चेक कर लिए जाएं। व्यापारियों ने बताया कि अक्सर बीच रास्ते में ही बसें खराब हो जाती हैं। अध्यक्ष ने 10 वर्ष के ऊपर की बसों को हटाए जाने और जल्द ही नई बसों की सौगात देने की बात कही। कहा कि महोबा का एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाए।
बाद में अध्यक्ष ने शहर के एक होटल में डीएम मनोज कुमार की मौजूदगी में परिवहन विकास कार्य व जिले में पर्यटन को लेकर बैठक की। कहा कि जिले में विशाल सरोवरों का कायाकल्प कराया जाएगा। व्यापारी नेता रामजी गुप्ता ने लंबे रूट के लिए छह एसी बसें चलाए जाने की मांग रखीं। एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। अध्यक्ष ने यहां की प्राचीन धरोहरों को जल्द संवारे जाने का भरोसा दिया।
व्यापारियों ने अंडरब्रिज में जलभराव और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया। इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी, सांसद प्रतिनिधि राहुल अग्रवाल, सीडीओ चित्रसेन सिंह, एडीएम रामप्रकाश, क्षेत्रीय प्रबंधक बांदा डीके मौर्या, समाजसेवी दाऊ तिवारी मौजूद रहे।