संवाद न्यूज एजेंसी
पनवाड़ी/महोबकंठ। कनकुआं-महोबकंठ मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी पनवाड़ी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना महोबकंठ के रूरीकलां गांव निवासी हजरत(35) अपने साथी कल्लू(30) के साथ किसी कार्य से कस्बा महोबकंठ आया था। मंगलवार शाम करीब सात बजे दोनों युवक बाइक से घर वापस जा रहे थे। तभी कनकुआं के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे, जबकि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से सड़क पर घायल अवस्था में पड़े बाइक सवारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने हजरत को मृत घोषित कर दिया जबकि कल्लू की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी रेफर किया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना से हजरत के परिजनों में कोहराम मच गया।