फोटो14 एचएएमपी 26- घायलों का जिला अस्पताल में इलाज करते डॉक्टर। संवाद
हमीरपुर। कानपुर–सागर हाईवे पर कुंडौरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर स्कूटी सवार दो सगे भाई दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में छोटे भाई की मौके पर मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
सुमेरपुर थाना क्षेत्र के गुरगुच निवासी सुशील सोनकर अपने बड़े भाई सुनील को स्कूटी में बैठाकर बुधवार शाम करीब सात बजे बड़े भाई की ससुराल जहानाबाद जा रहा था। जैसे ही उनकी स्कूटी कानपुर–सागर हाईवे पर सुमेरपुर क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास पहुंची, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सुशील सोनकर (25) को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई सुनील (30) की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। मृतक की बहन गंगा देवी ने बताया कि बड़ा भाई सुनील अहमदाबाद से दो दिन पहले ही वापस लौटा था।
थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। घायल को इलाज के लिए भेजा गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।