कबरई (महोबा)। पत्थरमंडी कबरई में ई-रायल्टी को कंप्यूटर से एडिट कर गिट्टी ले जा रहे ट्रक को खनिज निरीक्षक ने पकड़ लिया। फर्जी रायल्टी पाए जाने पर कबरई थाने में ट्रक चालक, क्रशर मुनीम व रायल्टी देने वाले व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक सीज कर दिया। जिससे रायल्टी का फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया।
बिना रायल्टी या फर्जी रायल्टी गिट्टी की निकासी पाए जाने पर डीएम अवधेश कुमार तिवारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रविवार को डीएम के निर्देश पर खनिज विभाग ने गिट्टी ले जा रहे ट्रकों को चेक किया। बांदा रोड पर सरस्वती ग्रेनाइट पहरा से माल लेकर आ रहे ट्रक को रोककर खान निरीक्षक ईश्वरचंद्र ने चेक किया। चालक ने कुछ कागजात दिखाए। फर्जी रायल्टी मिलने पर खान निरीक्षक ने क्रशर प्लांट पहुंचकर जांच की। जांच में पता चला कि क्रशर मुनीम राजू चतुर्वेदी ने महोबा निवासी कंचन शर्मा से उक्त फर्जी एडिट की हुई रायल्टी ली है।
मामले की जांच कराकर खनिज अधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश खान निरीक्षक को दिए। खान निरीक्षक ईश्वरचंद्र ने ट्रक चालक बृजनाथ, सरस्वती क्रशर प्लांट के मुनीम राजू चतुर्वेदी व रायल्टी देने वाले कंचन शर्मा महोबा के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित कागज बनाकर राजस्व क्षति पहुंचाने व खनिज एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक व मुनीम को हिरासत में लिया है। खनिज अधिकारी बीपी यादव का कहना है कि खनिज विभाग की वेबसाइट से जांचे बिना कोई क्रशर मालिक रायल्टी का प्रयोग न करें। रायल्टी के अवैध कारोबारियों की तत्काल सूचना दें। बिना रायल्टी माल लोड कराने वाले क्रशर प्लांट सीज किए जाएंगे।