महोबा। कोतवाली चरखारी के कनेरा गांव में युवक से परेशान छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी। आरोपी दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। आत्महत्या से पहले छात्रा ने सुसाइड नोट भी लिखा।
इसमें लिखा है कि मेरी मौत का जिम्मेदार संदीप है, ये बचना नहीं चाहिए। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
कनेरा गांव निवासी अरविंद सिंह परिहार की बेटी मुस्कान (19) राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चरखारी में 11वीं की छात्रा थी। करीब एक वर्ष से जनपद हमीरपुर निवासी रिश्ते का फूफा उसे फोन पर परेशान कर रहा था। वह युवती को कहीं शादी न होने देने की धमकी देता था। इससे परेशान छात्रा ने मंगलवार की शाम जहर खा लिया।
गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी चरखारी ले गए। जहां से डाॅक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे झांसी ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता ने बताया कि उसकी बेटी को दूर का रिश्तेदार युवक फोन कर परेशान करता था। यह बात बेटी ने उन्हें बताई थी। युवक के घर जाकर उसे समझाया गया, लेकिन वह नहीं माना। इससे परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या की है। सुसाइड नोट में आरोपी को मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
सीओ हर्षिता गंगवार का कहना है कि एक युवती ने दूर के रिश्तेदार को आरोपी बताते हुए आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। घटना की जांच कराई जा रही है।