महोबा। पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले में मारे गए बेगुनाह पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए बुंदेलों ने बुधवार की शाम शहर के आल्हा चौक में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बुंदेलों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इस जघन्य हमले के दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए ताकि दोबारा इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर के नेतृत्व में बुंदेले आल्हा चौक पहुंचे। जहां कैंडल जलाकर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। बुंदेली समाज के संयोजक ने कहा कि जिस जम्मू-कश्मीर को आतंक के साये से बाहर निकालने में मोदी सरकार ने बड़ी सफलता पाई थी, वह देश के दुश्मनों को फूटी आंख नहीं सुहा रहा लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएंगे। डाॅ. एलसी अनुरागी ने कहा कि इस आतंकी घटना से पूरी दुनिया स्तब्ध है और अमेरिका, रूस सहित सभी देश भारत के साथ हैं। वे आतंकी और उनके मददगार बख्शे नहीं जाएंगे। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डाॅ. विभा पुरवार, पूनम द्विवेदी, साधना, देवेन्द्र तिवारी, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, दिलीप जैन, पुष्पेन्द्र गुप्ता, गया प्रसाद, आशीष शुक्ला, शशांक गुप्ता, मनीष जैदका समेत तमाम लोग मौजूद रहे। बेलाताल संवाद के अनुसार आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने पर कस्बावासियों ने काली पट्टी बांधकर कैंडल मार्च निकाला। जिसमें जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर इंद्रपाल रिछारिया, डॉ. सतीश, नीरज, बृजभूषण समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
महोबा। पहलगाम में आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने की घटना से हिंदुओं में आक्रोश है। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शहर के आल्हा चौक में आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला फूंक नारेबाजी की। कहा कि सरकार हमला करने वालों को सबक सिखाए। सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से बदला लिया जाए। इस मौके पर सह जिला संयोजक कृष्णपाल सिंह, अनिवेश तिवारी, राघवेंद्र, नमन त्रिपाठी, रौनक, मोनू, पवन आदि मौजूद रहे।