महोबा। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन विभाग पुलिस के सहयोग से अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। इसकी रूपरेखा डीएम मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा की बैठक के दौरान तैयार की गई।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा की बैठक की शुरूआत चंद्रमा पर चंद्रयान की लैंडिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक होने पर देश के वैज्ञानिकों को बधाई देने के साथ हुई। इस दौरान डीएम ने एनएच की सड़कों पर तत्काल गढ्डे समाप्त किए जाने, गांव व बाजार के शुरू होने से 100 मीटर पहले व बाद में हाई स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शहर के अंदर, विद्यालयों व स्कूलों के आसपास ब्रेकर बनाए जाएं।
शहर के अंदर कोई भी वाहन अवैध रूप से संचालित नहीं होना चाहिए। वाहन के अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सड़क पर अन्ना मवेशी पाए जाने पर उन्हें गोशाला पहुंचाया जाए। जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। एनएचआई की ओर से एंबुलेंस व क्रेन की व्यवस्था की जाए। चौराहों व सड़क के मोड़ पर संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। बिना सीटबेल्ट, हेलमेट, एचएसआरपी नंबर प्लेट, ओवरलोडिंग आदि के खिलाफ पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की जाए।
बैठक में एआरटीओ सुनील दत्त, पीब्डलूडी के एक्सईएन जमाल अहमद, बस यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सोनी, ट्रक यूनियन के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, दाऊ तिवारी, रामजी गुप्ता आदि मौजूद रहे।