महोबा। जनपद प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ जाने के लिए शनिवार को रेलवे स्टेशन महोबा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। ट्रेनें फुल आने से अधिकांश यात्री बोगियों में सवार नहीं हो सके। घंटों इंतजार के बाद भी ट्रेनों में जगह न मिलने पर लोगों ने रोडवेज बसों व निजी वाहनों का सहारा लिया। कई यात्री स्टेशन में आठ से दस घंटे इंतजार के बाद वापस लौट गए।
महाशिवरात्रि पर्व पर अमृत स्नान को लेकर अभी से भारी संख्या में लोग प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि ट्रेनें फुल चल रही हैं। बसों में भी जगह नहीं मिल रही है। अधिकांश लोग भीड़ कम होने की आस में बाद में जाने की तैयारी करते रहे। अब महाकुंभ के समापन को महज पांच दिन बचे हैं लेकिन भीड़ कम नहीं हो रही है। रेलवे प्रशासन की ओर से चार मेला स्पेशल ट्रेनें रद्द कर दिए जाने से समस्या और बढ़ गई है। शनिवार को महोबा स्टेशन से गुजरी पैसेंजर व बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन में पैर रखने की भी जगह नहीं मिली। ट्रेन रुकते ही यात्री बोगियों में चढ़ने की जद्दोजहद करते रहे। अधिकांश यात्री सवार नहीं हो सके।
नौगांव निवासी प्रीतम ने बताया कि वह सुबह पांच बजे स्टेशन आ गए थे। शाम चार बजे तक वह ट्रेन में नहीं चढ़ सके। अब रोडवेज बस स्टैंड जा रहे हैं। इसी तरह महोबा निवासी रामपाल, देवीदीन, श्रेयांश ने बताया कि ट्रेनों में भीड़ अधिक होने से दिक्कत है। जो ट्रेनें आ रही हैं, वह पहले से फुल हैं। कई ट्रेनों की कुछ बोगियों के गेट भी नहीं खोले जा रहे हैं। अब वह चार पहिया भाड़े पर करके प्रयागराज जाएंगे।