-लेजर तकनीकी से लैस बाइकों से दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम
फोटो 31 एमएएचपी 04 परिचय-जिले को मिली आधुनिक इंटरसेप्टर बाइक। स्रोत: पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए एसपी शशांक सिंह ने दो आधुनिक इंटरसेप्टर बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइकें यातायात नियम तोड़ने वालों पर पैनी नजर रखते हुए कार्रवाई करेंगी।
पुलिस कार्यालय परिसर से इन बाइकों को यातायात निदेशालय से भेजा गया है। एसपी ने बताया कि ये बाइकें आधुनिक तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित हैं। इनमें लेजर तकनीकी, उच्च-रिजॉल्यूशन कैमरे और गति पहचान प्रणाली शामिल हैं। वीडियो रिकॉर्डिंग सुविधा व सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली भी इनमें लगाई गई है। इन उपकरणों से यातायात नियमों के उल्लंघन की सटीक पहचान होगी।
तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाना और स्टंट करना जैसे अपराधों पर कार्रवाई होगी। शराब पीकर वाहन चलाने व बिना सीटबेल्ट गाड़ी चलाने पर भी निगरानी रखी जाएगी। मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी। बताया कि इन बाइकों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना व यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन पर प्रभावी नियंत्रण करना है।