महोबा/कुलपहाड़। 17 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सूपा विशिष्ट मंडी बुधवार को शुरू हो गई। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मंडी के संचालन से अब 100 से अधिक गांवों के हजारों किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। मंडी शुरू होने से किसानों को फसल बेचने के लिए महोबा की नवीन गल्ला मंडी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने, अनाज के भंडारण और समय पर तुलाई कराने जैसी समस्याओं से भी निजात मिलेगी। इससे समय व भाड़ा में बचत होगी।
बुंदेलखंड में सूखे की विभीषिका के दौरान केंद्र की तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार ने प्रत्येक जिले में एक विशिष्ट मंडी बनाने का निर्णय लिया था। वर्ष 2009 में तत्कालीन योजना आयोग (अब नीति आयोग) की संस्तुति के बाद बुंदेलखंड पैकेज के तहत सूपा के पास मंडी का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2014 में निर्माण कार्य पूरा हो गया था। साथ ही जिले में 11 छोटी मंडियां (अवस्थापना केंद्र) भी बनाई गई थीं।
सूपा विशिष्ट मंडी का उद्देश्य पास के करीब 100 गांवों के किसानों को फसल की बिक्री और अनाज भंडारण की सुविधा देना था लेकिन यह मंडी करीब 12 साल तक वीरान पड़ी रही। कांग्रेस शासनकाल के बाद दूसरी सरकारों ने इसके संचालन को लेकर रुचि नहीं दिखाई। इसके शुरू होने से किसानों की पुरानी मांग पूरी हुई है।
जाम व पार्किंग की समस्या से मिलेगी मुक्ति : महोबा की नवीन गल्ला मंडी में जगह कम होने से फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने तक की जगह नहीं मिलती थी। झलकारीबाई तिराहे से मंडी तक वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। कई बार किसानों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था। सूपा मंडी कई एकड़ में फैली है जहां सैकड़ों वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है।
अनाज के भंडारण की मिलेगी सुविधा : नवीन गल्ला मंडी में अनाज न बिकने पर किसानों को उसे वापस गांव ले जाना पड़ता था। इससे दोबारा भाड़ा खर्च करना पड़ता था। सूपा विशिष्ट मंडी में वेयरहाउस की सुविधा होने से किसान अपनी उपज सुरक्षित रख सकेंगे। साथ ही उचित समय पर बिक्री कर पाएंगे।