महोबा-कबरई रेलवे ट्रैक के बीच बनने वाले मानक विहीन अंडरब्रिजों पर सवालिया निशान लगने लगे है। पत्थर मंडी को जोड़ने वाले गुगौरा रेलवे ब्रिज का निर्माण व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन करके रुकवा दिया है और डीएम को ज्ञापन देकर रेलवे क्रासिंग चालू रखने की मांग की है।
उत्तर मध्य रेलवे महोबा कबरई ट्रैक पर गुगौरा चौकी, मकरबई, कबरई रेलवे क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनाए जा रहे हैं। जिसमें कबरई, मकरबई ब्रिज बनकर चालू होने के साथ क्षतिग्रस्त हो गया। गुगौरा में निर्माण कार्य रेलवे करा रहा था। जिसे पत्थर व्यापारियों ने एकजुट होकर रुकवा दिया। यूनियन के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में वसीम अहमद, राम किशोर, वंशीधर, विनोद सोनी सहित दर्जनों व्यापारी पहले मकरबई रेलवे क्रासिंग पहुंचे व क्षतिग्रस्त अंडरब्रिज को बंद कर रेलवे क्रासिंग चालू करने के लिए प्रदर्शन किया।
इसके बाद सभी व्यापारी गुगौरा चौकी रेलवे क्रासिंग पहुंचे, जहां अंडरब्रिज बन रहा था। इसका निर्माण कार्य व्यापारियों ने रुकवा कर रेलवे क्रासिंग चालू करने की मांग की। व्यापारी नेता वंशीधर सेंगर, राम किशोर सिंह ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डहर्रा, पहरा, मकरबई से सैकड़ों ट्रक माल की प्रतिदिन निकासी होती है। रेलवे क्रासिंग बंद होने से घुमावदार और कम चौड़े अंडरब्रिज से ट्रक, पोकलैंड, ट्राला वाहन नहीं निकल पाएंगे।
जिससे तीनों पत्थर मंडी में करोड़ों का नुकसान हो रहा है। हजारों श्रमिक काम के अभाव में बेरोजगार हो गए हैं। यूनियन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यदि अंडरब्रिज बनता है तो सड़क के यातायात के अनुरूप उच्च तकनीक का होना चाहिए। प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने डीएम वीरेश्वर सिंह को ज्ञापन देकर क्रासिंग बंद न करने की मांग की। डीएम ने डीआरएम झांसी को पत्र लिख समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।