हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के दिउसीपुर में शनिवार दोपहर बैक करते समय ट्रैक्टर खंती में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। घटना से परिजन में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
दिउसीपुर निवासी कश्मीर (32) खेती करते थे। भाई अनुज ने बताया कि शनिवार दोपहर कश्मीर ट्रैक्टर से खेत जोतकर वापस घर जा रहे थे। गांव के बाहर ही सड़क पर ट्रैक्टर बैक कर रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर अचानक खंती में पलट गया। कश्मीर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। आनन फानन सीएचसी हरपालपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी सुषमा और बेटी सुहावना है। हादसे का पता चलते ही परिजन बिलख पड़े। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर खंती में पलटने से घटना हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।