पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के कोटपुरा में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का धैर्य जवाब दे गया। मंगलवार की रात बुंदेलखंड किसान यूनियन के बैनर तले लोगों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि नलों से पानी की बूंद नहीं टपक रही है। मोहल्ले में लगे हैंडपंप खारा पानी दे रहे हैं। मजबूरी में वह एक किमी दूर स्थित हैंडपंप से पानी लाकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
मोहल्ला कोटपुरा की आबादी 500 से अधिक है। यहां दो हैंडपंप लगे हैं, जो खारा पानी दे रहे हैं। तीन साल पहले यहां पाइपलाइन बिछाई गई थी। जो बाद में नमामि गंगे योजना से जोड़ दी गई। उपभोक्ताओं को नलों के कनेक्शन भी दिए गए लेकिन आजतक पानी की बूंद नहीं टपकी। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने मामले की शिकायत कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों से की लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
बुंदेलखंड किसान यूनियन के डॉ. पंकज तिवारी, बाला प्रसाद आदि के नेतृत्व में उदयभान, गौरीशंकर, नरेंद्र कुशवाहा, संजय समेत 50 से अधिक लोगों ने खाली बर्तनों के साथ मोहल्ले के बाहर प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी को जूझ रहे हैं लेकिन आज तक जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
उधर, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम का कहना है कि कोटपुरा में जल संस्थान की पाइपलाइन है। नमामि गंगे योजना से मोहल्ले को जोड़ा गया है। जल्द ही यहां पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।
-
मोहल्लेवासियों ने बयां किया दर्द
कोटपुरा निवासी संजय कुशवाहा का कहना है कि मोहल्ला ऊंचाई में होने के चलते आजतक नलों से पानी की बूंद नहीं टपकी। मोहल्ले में दो परिषदीय विद्यालय हैं। विद्यालय में लगे हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं है। बच्चे घर से पानी ले जाते हैं। गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। एक किमी दूर से पानी लाना मजबूरी बना है। कोई सुनने वाला नहीं है।
-
घासीराम कुशवाहा कहते हैं कि मोहल्ले की शिकायत प्रधान से की गई। प्रधान संजय द्विवेदी ने कई बार जल निगम के अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन नलों से पानी की बूंद नहीं टपकी। मोहल्ले के बाहर स्थित एक हैंडपंप से पानी भरने के लिए उनका पूरा दिन इसी में गुजर जाता है। अभी मोहल्ले में प्रदर्शन किया है। अब आंदोलन बड़ा होगा।