महोबा। पूर्वदशम (कक्षा नौ व दस) और दशमोत्तर (कक्षा 11 व 12) छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए संशोधित समय-सारणी जारी की गई है। वित्तीय वर्ष और शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए समाज कल्याण विभाग के निदेशक ने निर्देश जारी किए हैं। जिसमें अंतिम तिथि बढ़ाई गई है, अब बच्चे 17 नवंबर तक नए आवेदन व 20 नवंबर तक नवीनीकरण कर सकेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए एक और मौका दिया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। निदेशालय ने इसके लिए तिथि बढ़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति का भुगतान आधार कार्ड से किया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यार्थियों को अपने संबंधित बैंक में जाकर खाते को एनपीसीआई मैप पर मैप कराना अनिवार्य होगा। सभी पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन व अन्य औपचारिकता पूरी करने की सलाह दी है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जा सकता है। (संवाद)