महोबा। भाजपा कार्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में हर घर तिरंगा यात्रा के आयोजन को लेकर रणनीति तैयार की गई।
भाजपा के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे ने कहा कि युवा मोर्चा के नेतृत्व में 11, 12 व 13 अगस्त को प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से 12 व 14 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा और स्मारकों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 13 व 14 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
13, 14 और 15 अगस्त तक प्रत्येक कार्यकर्ता जनसंपर्क करके प्रत्येक घर व व्यवसायिक केंद्रों में हर घर तिरंगा फहराने के लिए लोगों से आग्रह करेंगे। 14 अगस्त को विभाजन की स्मृति में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभाजन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
वहीं, सरकारी, अर्धसरकारी, शिक्षण संस्थानों आदि स्थान पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में पार्टी के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करेंगे। हर घर तिरंगा को लेकर प्रत्येक मंडल के लिए संयोजक, सह संयोजक बनाए गए।
इस दौरान भाजपा के जिला प्रभारी संजीव श्रृंगीऋषि, जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, मयंक तिवारी, सत्येंद्र प्रताप, संदीप तिवारी, पुष्पेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।