महोबा। दिवाली पर्व पर महानगरों से घर आने के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विशेष रूप से दिल्ली, मुंबई व कोलकाता के लिए संचालित होने वाली ट्रेनों के आरक्षित कोचों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में इन लोगों को पर्व पर घर आने में दिक्कत होगी।
महानगरों व गैर प्रदेशों में रहने वाले लोग दिवाली पर घर लौटते हैं। इस वर्ष लोगों को घर लौटने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली से चलकर महोबा से रास्ते मानिकपुर की ओर से जाने वाली यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में स्लीपर कोच व फर्स्ट एसी में टिकट आरक्षित होना बंद हो गए हैं। सेकेंड एसी कोच में 44 वेटिंग और थर्ड एसी कोच में 71 वेटिंग चल रही है। दिल्ली से चलकर महोबा के रास्ते जबलपुर को जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 99 वेटिंग चल रही है, फर्स्ट एसी कोच में 14 वेटिंग, सेकेंड एसी कोच में 39 व थर्ड एसी कोच में 77 वेटिंग चल रही है।
मुंबई से आने वाली तुलसी एक्सप्रेस में किसी भी कोच में आरक्षित टिकट की बुकिंग बंद हो गई हैं। वहीं कोलकाता से चलकर महोबा के रास्ते ग्वालियर को जाने वाली चंबल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 68 वेटिंग चल रही है जबकि थर्ड एसी कोच में 26 और सेकेंड एसी कोच में छह वेटिंग चल रही है। उधर, उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि पर्व के चलते एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों ने पहले से ही रिजर्वेशन करा लिया है। इससे कई ट्रेनों में आरक्षित टिकट की वेटिंग चल रही है।