महोबा। विकासखंड कबरई के ग्योड़ी गांव में चल रहे पांच दिवसीय मेले में शुक्रवार की रात दबंगों ने जमकर आतंक किया। दुकानदारों के रंगदारी न देने पर दबंगों ने पेट्रोल डालकर दुकानों में आग लगा दी। इससे हजारों का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर पीड़ितों से जानकारी ली। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है।
ग्योड़ी गांव में नौ दिसंबर से मेले का आयोजन हो रहा है। शुक्रवार की शाम मेले के दुकानदारों से रंगदारी मांगने के लिए कुछ युवक पहुंचे। कई दुकानदारों ने 500 व एक हजार रुपये रंगदारी दे दी लेकिन कई दुकानदारों ने इसका विरोध किया। कहासुनी होने के बाद युवक मौके से चले गए। रात करीब नौ बजे दबंगों ने दुकानों में आग लगा दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने पर अफरा-तफरी मच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई लेकिन तब तक मेले में दुकान लगाए जनपद हमीरपुर के निवादा निवासी निशा, कानपुर के अमीनुद्दीन, घाटमपुर के हरीराम समेत पांच लोगों की दुकानें जलकर बर्बाद हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पीड़ित दुकानदारों ने आरोप लगाया कि दबंगों ने पेट्रोल डालकर आग लगाई।
थानाध्यक्ष खन्ना अर्जुन सिंह का कहना है कि दुकानाें में आग लगाने के मामले में अंकित, कुलदीप व प्रदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।