महोबा। शहर कोतवाली में अलग-अलग घटनाओं में दबंगों ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने छह नामजद समेत 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला भटीपुरा निवासी नारायणदास सेन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी छतरपुर रोड स्थित बस स्टैंड में दुकान है। दुकान में 30 दिसंबर की दोपहर उसका बेटा हेमंत बैठा था। तभी इश्तयाक खान और गोलू ने आकर विवाद शुरू कर दिया। इश्तयाक ने नगरपालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए हेमंत को जिम्मेदार ठहराते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर इश्तयाक ने फोन करके 13 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद हेमंत को बुरी तरह से पीटने लगे। इसकी सूचना मिलने पर जब पिता नारायणदास मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। दिनदहाड़े भीड़भाड़ इलाके में मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इश्तयाक, गोलू समेत 15 लोगाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अन्य घटना में बजरिया निवासी कालीदीन यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 28 दिसंबर को अपनी दुकान बंद करके घर जा रहा था। तभी मोनू, शिवम, सत्यम व अंकित ने रास्ता रोककर उसके साथ अभद्रता की। मना करने पर सभी आरोपियों ने उसे पीट दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है।