फोटो 05 एमएएचपी 02 परिचय-मुठभेड़ में गोली लगने के बाद घायल आरोपी भूरा उर्फ हरीकिशन को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी। स्रोत: पुलिस
-एक के पैर में लगी गोली, नकदी, आभूषण, तमंचा व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
-19 जुलाई की रात थाना महोबकंठ के लिलवा में एक रात में चार घरों से हुई थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। थाना महोबकंठ के लिलवा गांव में 15 दिन पहले चार घरों से हुई लाखों की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। मुठभेड़ में अंतर जनपदीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपियों के पास से चोरी की नकदी, आभूषण, तमंचा और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। वहीं दो आरोपी भागने में सफल रहे।
लिलवा गांव में 19 जुलाई की रात चोरों ने बृगभान पाल, प्रमोद पाल, लखनलाल साहू व दिनेश के मकान से चोरों ने नकदी व लाखों के जेवर चोरी कर लिए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसपी शशांक सिंह ने खुलासे के लिए महोबकंठ पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की तीन टीमें गठित की थी। सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
मंगलवार रात थानाध्यक्ष महोबकंठ विनोद कुमार व सर्विलांस प्रभारी विवेक यादव ने टीम के साथ रिवई गांव के पास घेराबंदी की। इसी दाैरान दो बाइकों में सवार पांच लोगों को रोकने का प्रयास किया। एक बाइक में सवार दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए जबकि दूसरी बाइक में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस की गोली आरोपी भूरा उर्फ हरीकिशन निवासी कुल्हेड़ा जनपद हमीरपुर के पैर में गोली लगी। दो अन्य आरोपी अंशुल राजपूत निवासी कैथा, हमीरपुर और प्रिंस राजपूत निवासी टोलारावत, हमीरपुर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। घायल भूरा को सीएचसी पनवाड़ी में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने लिलवा गांव में चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकारी है। आरोपियों के पास से 10,800 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल, तमंचा व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। सीओ कुलपहाड़ अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। आरोपी भूरा के खिलाफ 24 व अंशुल राजपूत के खिलाफ पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान आशू राजपूत निवासी कुल्हेड़ा और अजय राजपूत निवासी खरेला भाग निकले जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बाइक को सीज किया गया है।