= ट्रिपल जंप और दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। खेल विभाग की ओर से जनपद वाराणसी में आयोजित हुई प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महोबा के खिलाड़ी शिवकुमार ने तीन हजार मीटर व लक्ष्मी प्रसाद ने ट्रिपल जंप में पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को इन खिलाड़ियों के जनपद आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
पिछले दिनाें आयोजित जनपदीय और मंडलीय ट्रायल के दौरान जिले के खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। जनपद वाराणसी में 31 अक्तूबर से एक नवंबर तक प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। इस दौरान बालक वर्ग की तीन हजार मीटर दौड़ में महोबा के खिलाड़ी शिवकुमार ने पहला व राजकुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया जबकि ट्रिपल जंप में खिलाड़ी लक्ष्मी प्रसाद विजेता बने। खेलो इंडिया एथलेटिक्स के तहत प्रशिक्षक रवि पटेल ने इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया है। उधर, जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीनों खिलाड़ियों बधाई दी। कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है।