फोटो 01 एमएएचपी 18 परिचय-चोरी की घटना के बाद खुला पड़ा बक्सा। संवाद
चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के इमिलियाडांग गांव में चोरों ने बृहस्पतिवार की रात एक मकान में घुसकर नकदी व लाखों के जेवर पार कर दिए। चोरी के समय परिवार के लोग छत पर सोते रहे। रात करीब ढाई बजे जब घर के मुखिया की नींद खुली तो उन्हें कमरे के दरवाजे खुले दिखे। नीचे आने पर चोरी की जानकारी हुई।
इमिलियाडांग गांव निवासी महेंद्र कुशवाहा बृहस्पतिवार की रात परिवार समेत मकान की छत पर सो गया। रात करीब ढाई बजे महेंद्र कुशवाहा की नींद खुली तो वह उठे तो देखा कि मकान के दरवाजे खुले हुए हैं। उन्होंने नीचे आकर देखा तो सभी कमरे खुले थे और अंदर रखे चार बक्से व अलमारी के ताले टूटे और सामान बिखरा पड़ा था। तब शोर मचाकर परिजनों को बुलाया।
पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि चोर दो अलमारी व चार बक्सों का ताला तोड़कर सोने की बेंदी, नथुनी, झुमकी, गले का हार, जंजीर, चांदी की कमरपेटी, पायल, चांदी की सुपारी और नकद 70 हजार रुपये चोरी कर ले गए। आशंका जताई जा रही है कि चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसे और फिर चोरी कर दरवाजे से निकल गए। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।